झारखंड आंदोलनकारियों के अधिकारों और सम्मान की मांग को लेकर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने कांके प्रखंड में संगठन का विस्तार किया है। सुकुरहुटू स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा टांड़ में आयोजित विस्तारित बैठक में कांके प्रखंड कमेटी का गठन किया गया। इसमें सहदेव सिंह मुंडा को अध्यक्ष चुना गया। बैठक में संगठन की मजबूती और आंदोलनकारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। नई कमेटी में मुकुल नायक और फलिंदर मुंडा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। रंथू उरांव को सचिव, अपर्णा बाड़ा को महासचिव, बैद्यनाथ महतो को संगठन सचिव और अरुणा बाड़ा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, संजय पहान, दीनदयाल लोहरा, जितेंद्र उरांव, रामवृक्ष महतो और बशारत अंसारी को सदस्य चुना गया। आंदोलनकारियों को प्रतिमाह 50 हजार रुपये सम्मान पेंशन देने की मांग उठाई गई बैठक में मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रभारी अंथन लकड़ा, विनीत लकड़ा और अमित पॉल उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उम्मीद जताई कि नई कमेटी प्रखंड में संगठन को मजबूत करेगी और आंदोलनकारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। इस दौरान पुष्कर महतो सहित अन्य पदाधिकारियों ने राज्य सरकार से झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान और अलग पहचान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसलिए उनके बच्चों और आश्रितों के लिए रोजगार एवं नियोजन की शत-प्रतिशत गारंटी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में आंदोलनकारियों को प्रतिमाह 50 हजार रुपये सम्मान पेंशन देने की मांग भी उठाई गई। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पेंशन का लाभ देने के लिए जेल जाने की शर्त समाप्त होनी चाहिए, ताकि सभी आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन मिल सके। उन्होंने इन मांगों को अबुआ सरकार के समक्ष मजबूती से रखने और आंदोलनकारियों के हक-अधिकार के लिए संगठनात्मक प्रयास तेज करने की बात कही। Post navigation पत्रकार अभिषेक भारती को हिरासत में प्रताड़ित करने का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग से हस्तक्षेप की मांग की शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर नेमरा पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, 111 करोड़ की योजनाओं की सौगात