रोजगार दिलाने का लालच देकर नाबालिग बच्चियों को दूसरे राज्य ले जाने के मामले का रांची रेलवे स्टेशन पर खुलासा हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु ले जाई जा रही पांच नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बचाया। इस दौरान बच्चियों को अपने साथ ले जा रहे एक 41 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान पलामू निवासी सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह के रूप में हुई है। RPF को 26 नवंबर 2026 को रेल मदद के माध्यम से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 18636 सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस में कुछ नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट रांची, अपराध आसूचना शाखा (CIB) रांची और DNF की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। टीम ने ट्रेन के रांची पहुंचने पर विशेष निगरानी रखी। ट्रेन से उतरते ही शुरू हुई पूछताछ इंटरसिटी एक्सप्रेस दोपहर करीब 12:08 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां RPF की टीम ने एक व्यक्ति को पांच नाबालिग बच्चियों के साथ देखा। संदेह होने पर सभी को रोककर पूछताछ के लिए RPF पोस्ट ले जाया गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह, उम्र करीब 41 वर्ष, पिता स्वर्गीय देवनंदन सिंह बताया। वह पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अपर खुर्द गांव का रहने वाला है। स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने का दिया था लालच RPF के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से तमिलनाडु में SSM Group की Prabhu Spinning Mills में सुपरवाइजर के पद पर काम कर रहा है। उसने कथित तौर पर पांचों बच्चियों को भी इसी मिल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। बच्चियों को हर महीने करीब 15 हजार रुपये वेतन मिलने की बात कहकर अपने साथ तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि कंपनी की ओर से उसे प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से प्रतिदिन 20 रुपये मिलते हैं। बच्चियों की उम्र कम होने और उन्हें रोजगार के नाम पर दूसरे राज्य ले जाने की परिस्थितियों को देखते हुए RPF ने मानव तस्करी और संभावित शोषण की आशंका जताई। मानव तस्करी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज प्रारंभिक पूछताछ के बाद RPF ने आरोपी और पांचों बच्चियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) थाना रांची को सौंप दिया। इस मामले में AHTU थाना कांड संख्या 14/2026 के तहत 26 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 143(5) के अलावा किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 और 81 लगाई गई है। आगे की जांच एसआई मनोज भगत को सौंपी गई है। RPF की सतर्कता से टली संभावित अनहोनी RPF की त्वरित कार्रवाई से पांचों नाबालिग बच्चियों को संभावित शोषण के खतरे से सुरक्षित बचा लिया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में मानव तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर RPF सतर्क है, ताकि रोजगार या अन्य प्रलोभन देकर उन्हें तस्करी का शिकार बनाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके। Post navigation किसानों के हक और जमीन की रक्षा के लिए पुष्कर महतो ने भरी हुंकार, लोक भवन के सामने किसान महापड़ाव