नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा में पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट और प्रताड़ना के मामले में राज्य सरकार तथा पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा है। उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। मरांडी ने कहा कि यदि हिरासत में किसी पत्रकार के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने का आरोप सामने आया है, तो इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने बताया कि सिमडेगा के कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें अभिषेक भारती के साथ कथित पुलिस बर्बरता की जानकारी दी है। उनके अनुसार, अभिषेक को अदालत में मनचाहा बयान देने के लिए दबाव में रखा गया और घंटों तक उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि, मरांडी ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें मिली जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने सबसे पहले अभिषेक को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने और पुलिस दबाव से मुक्त होकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने बयान देने का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। पैरों के तलवों और हाथों पर चोट पहुंचाने का आरोप मरांडी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे तक अभिषेक के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई। आरोप है कि उनके पैरों के तलवों पर लाठियां बरसाई गईं। उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर हाथों पर प्रहार किया गया और उन्हें मुँह के बल लिटाकर पीटा गया। कथित तौर पर पुलिसकर्मी लगातार उनसे कहते रहे कि अदालत में वही बयान देना है, जो पुलिस बताएगी। उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार, अभिषेक ने मारपीट से परेशान होकर पुलिस से कहा कि उनसे जो लिखवाना है, लिखवा लिया जाए और सादे कागज पर भी हस्ताक्षर करा लिए जाएं, लेकिन उन्हें पीटना बंद किया जाए। इसके बाद उनके बेहोश होने की बात सामने आई है। मरांडी ने सवाल उठाया कि यदि हिरासत में किसी व्यक्ति से इस तरह दबाव में हस्ताक्षर कराए गए हैं, तो उन सभी दस्तावेजों की जांच जरूरी है। न्यायालय परिसर में भी बिगड़ गई थी अभिषेक की हालत बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभिषेक भारती को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय ले जाने के दौरान उनकी हालत बेहद खराब होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि वह अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे और चार पुलिसकर्मियों ने उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने पेश किया। बताया गया है कि वहां वह बेहोश होकर गिर पड़े। उनकी हालत देखकर न्यायालय ने तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद पुलिस द्वारा उन्हें पहले टाउन थाना की हाजत में ले जाने और बाद में सदर अस्पताल पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। मरांडी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की जांच होनी चाहिए और अस्पताल प्रशासन से अभिषेक की स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक जानकारी ली जानी चाहिए। तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो डिलीट करने की भी जांच हो मरांडी ने आरोप लगाया कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को भी पुलिस टाउन थाना ले गई थी। उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखने और कथित तौर पर वीडियो डिलीट करने के बाद उन्हें छोड़ने की बात सामने आई है। उन्होंने मांग की कि इन पत्रकारों के बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज किए जाएं और यह पता लगाया जाए कि मोबाइल से रिकॉर्डिंग किसके आदेश पर हटाई गई। सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट सुरक्षित रखने की मांग नेता प्रतिपक्ष ने सिमडेगा एसपी से पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देने को कहा है। उन्होंने पूछा कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी हालत क्या थी, अदालत में पेशी के समय उनकी शारीरिक स्थिति कैसी थी और उन्हें सदर अस्पताल किस समय पहुंचाया गया? मरांडी के अनुसार, इन सवालों के जवाब पुलिस स्टेशन डायरी, थानों के सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के रिकॉर्ड और अस्पताल के रजिस्टर से मिल सकते हैं। उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से आग्रह किया कि पाकरटांड़ थाना और टाउन थाना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, न्यायालय परिसर की उपलब्ध फुटेज, हिरासत से जुड़े दस्तावेज और अस्पताल के चिकित्सा रिकॉर्ड तत्काल सुरक्षित कराए जाएं। साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराकर उनकी चोटों का पूरा विवरण दर्ज किया जाए। चिकित्सकीय रूप से सक्षम होने पर उनका बयान आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में लिया जाए। मरांडी ने कहा कि हिरासत में रहने वाला व्यक्ति अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस पर निर्भर होता है। ऐसे में पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह की कथित दमनात्मक कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच में जिन पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। Post navigation खनिज संपदा झारखंड की, अधिकारों पर पाबंदी क्यों? MMDR कानून के खिलाफ सदन में राजकीय संकल्प कांके में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की कमेटी गठित, सहदेव सिंह मुंडा को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी