संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर रांची स्थित झारखंड लोक भवन के सामने किसान महापड़ाव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों को उठाया। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति के नाम राज्यपाल को मांग पत्र सौंपा गया। इसमें किसानों के अधिकारों की रक्षा, जमीन से जुड़े मामलों का समाधान, फसलों का उचित मूल्य और किसान विरोधी नीतियों को वापस लेने की मांग की गई। महापड़ाव के माध्यम से झारखंड सरकार से लैंड बैंक को रद्द करने और गैर मजरूआ जमीन की दोबारा रसीद काटने की व्यवस्था शुरू करने की मांग की गई। इसके साथ ही राज्य में विस्थापन की समस्या के समाधान के लिए झारखंड राज्य विस्थापन आयोग का जल्द गठन करने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने एनडीपीसी की कथित दमनकारी नीतियों के खिलाफ भी आवाज बुलंद की। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी जरूरी है। उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान 10 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार के साथ हुए लिखित समझौते को जल्द लागू करने की मांग की। धान की खरीद एमएसपी पर करने की मांग महापड़ाव में झारखंड में धान की खरीद को लेकर भी सवाल उठाए गए। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किए जाने के बावजूद झारखंड में किसानों से 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान खरीदा जा रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था पर रोक लगाने और सभी किसानों से घोषित एमएसपी की दर पर धान खरीदने की गारंटी करने की मांग की। साथ ही पंचायत स्तर पर धान क्रय केंद्र खोलने की मांग भी रखी गई, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़े। किसानों ने खेती पर बढ़ते आर्थिक बोझ को देखते हुए सभी किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग की। उनका कहना था कि किसानों को राहत देने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। जल, जंगल और जमीन की रक्षा का मुद्दा भी उठा कार्यक्रम में झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा की रक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने एनटीएसपीटी एक्ट की रक्षा करने और प्राकृतिक संसाधनों पर कॉरपोरेट कब्जे को रोकने की मांग की। इसके अलावा किसान नेताओं ने किसान विरोधी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बीज एवं बिजली विधेयक, खनिज विधेयक और चारों लेबर कोड को रद्द करने की मांग की। महापड़ाव में शामिल नेताओं ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए इन मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसी उद्देश्य से राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र राज्यपाल को सौंपा गया। कई किसान और सामाजिक संगठनों के नेता हुए शामिल किसान महापड़ाव में अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य महासचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, अध्यक्ष विदेशी महतो, प्रभारी अंथन लकड़ा, मणिलाल मांझी, उपाध्यक्ष पंचानंद महतो और केडी सिंह शामिल हुए। इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा के नेता पुरन महतो, बीएन सिंह, दयामणि बरला, सुफल महतो, प्रफुल्ल लिंडा, असीम सरकार, अशोक पाल, अल्विन मिंज, विमल राय, भुवनेश्वर केवट, शीला कच्छप, रंजनी कंडुलना, बेली बलवंती एक्का, विनीत लकड़ा, अमित पॉल, कुमुद महतो और सुबोध गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे। छात्र नेताओं में इस्तेशाम परवीन और प्रवीण सहित बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। Post navigation सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण में पत्रकार अभिषेक भारती गिरफ्तार नौकरी का झांसा देकर पांच नाबालिग बच्चियों को तमिलनाडु ले जाने की कोशिश, रांची स्टेशन पर RPF ने पकड़ा आरोपी