नाबालिग किशोरी के अपहरण और दबाव डालकर बयान दिलवाने के आरोप में दर्ज है मामला, दिलीप तिर्की के बाद दूसरे नामजद आरोपी पर हुई कार्रवाई सिमडेगा पुलिस ने एक मामले में कार्रवाई करते हुए पत्रकार अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे बुधवार देर रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से पकड़ा। सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई है। यह मामला पाकरटांड़ थाना में दर्ज कांड संख्या 25/2026 से जुड़ा है। विधायक के खिलाफ आरोप लगाने वाली किशोरी से जुड़ा है मामला मामले के अनुसार, सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग किशोरी के दादा ने पाकरटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती को नामजद किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों ने किशोरी का अपहरण किया और उस पर दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाया। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी। इसी क्रम में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी। जोन्हा जंगल से पहले पकड़ा गया था दिलीप तिर्की इस मामले में सिमडेगा पुलिस ने इससे पहले छापेमारी कर दिलीप तिर्की को रांची के जोन्हा जंगल से गिरफ्तार किया था। वहीं, दूसरे नामजद आरोपी अभिषेक भारती को जमशेदपुर के बिष्टुपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी इसी प्राथमिकी के आधार पर की गई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। Post navigation अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए रांची जिला प्रशासन की पहल, आठ जागरूकता वाहन रवाना किसानों के हक और जमीन की रक्षा के लिए पुष्कर महतो ने भरी हुंकार, लोक भवन के सामने किसान महापड़ाव