राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने आठ लोगों की जान ले ली। दिल्ली से मुंबई जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से नीचे करीब 15 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दिल्ली से मुंबई की ओर जा रही बस अचानक चालक के नियंत्रण से हो गई बाहर जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह करीब छह बजे कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया के पास हुआ। एक्सप्रेस-वे के पोल संख्या 384 के नजदीक दिल्ली से मुंबई की ओर जा रही बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरकर गहरे नाले में जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के नाले में गिरते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें छह यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। इस दर्दनाक दुर्घटना से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि बस किस कारण अनियंत्रित हुई और यह भीषण दुर्घटना कैसे हुई। Post navigation दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले बढ़ी हलचल, सेंट्रल पार्क दो दिन बंद शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी तलाश, नेपाल भागने की आशंका; सीमा पर खंगाले जा रहे CCTV फुटेज