G-6J2VDTQNQL

राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी की 16 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा को लेकर माहौल गरमा गया है। यात्रा से पहले प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद रखने का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने लोगों से इस इलाके में जाने से बचने की अपील की है। पुलिस ने इसके लिए लागू निषेधाज्ञा का हवाला दिया है।

यात्रा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन और लोगों की भीड़ के कारण कनॉट प्लेस समेत आसपास की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और जरूरी होने पर ही इस इलाके की ओर जाने की सलाह दी गई है। इसी बीच सीजेपी नेता दीपके ने आरोप लगाया है कि कुछ अंडरकवर पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। हालांकि, इस आरोप को लेकर पुलिस की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यात्रा को लेकर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। प्रशासन और यात्रा के आयोजकों के बीच भी लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान स्थिति नियंत्रण में रहे। वहीं, सीजेपी ने सोशल मीडिया और पत्रकारवार्ता के जरिए आम लोगों से शुक्रवार शाम 5 बजे हाथों में तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की है। पार्टी ने बड़ी संख्या में लोगों से इस यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। इस विरोध प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन दिया है। पार्टी की ओर से अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई है। ऐसे में शाम के समय सेंट्रल दिल्ली में भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *