रांची जिले के पेंशनधारियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार की सर्वजन पेंशन योजना के तहत सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। पहले चरण में जिले के 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से सीधे पेंशन की राशि भेजी गई है। प्रत्येक लाभुक के खाते में एक हजार रुपये के हिसाब से कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह भुगतान किया गया। योजना के तहत वृद्धावस्था, आदिम जनजाति, HIV/AIDS पीड़ित और ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि पेंशन की राशि सीधे बैंक खाते में भेजे जाने से लाभुकों को भुगतान के लिए किसी कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सितंबर महीने में मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सबसे अधिक 1 लाख 85 हजार 894 लाभुकों को राशि दी गई। वहीं मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318 लाभुकों, मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 454 लाभुकों और मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को भी पेंशन राशि का भुगतान किया गया है। आधार सीडिंग नहीं होने पर रुक सकता है भुगतान जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में सितंबर महीने की पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना जरूरी है। आधार से बैंक खाता लिंक नहीं होने के कारण DBT के जरिए राशि भेजने में परेशानी हो सकती है। ऐसे लाभुकों से प्रशासन ने जल्द से जल्द अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग कराने की अपील की है। आधार सीडिंग पूरी होने के बाद आगे की पेंशन राशि के भुगतान में परेशानी कम होगी और लाभुक योजना का नियमित लाभ प्राप्त कर सकेंगे। Post navigation भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश