झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से 21 से 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 21 सितंबर को बारिश के साथ वज्रपात 21 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर वज्रपात की भी संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 22 सितंबर को कई बार हो सकती है बारिश 22 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है। रांची समेत कई जिलों में दिन के दौरान एक से अधिक बार बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने की भी संभावना है। 23 सितंबर को सबसे ज्यादा असर 23 सितंबर को बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। 24 सितंबर को भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट 24 सितंबर को भी राज्य में बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी जिलों और धनबाद से सटे मध्य इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवा को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। 25 सितंबर तक जारी रहेगा मौसम का असर 25 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तापमान में भी आएगी गिरावट लगातार बारिश और बादल छाए रहने के कारण झारखंड के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। तेज बारिश या बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। Post navigation नई दिल्ली सम्मेलन में झारखंड के हितों की गूंज, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर बोले- राज्यों के मजबूत होने से ही देश होगा विकसित गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला वासेपुर, शानू खान पर जानलेवा हमला