G-6J2VDTQNQL

राजधानी रांची में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित तैयारी को समय रहते नाकाम कर दिया। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन आरोपियों को दो पिस्टल और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी बाइक से घूम रहे थे और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के पास छापेमारी कर तीनों को पकड़ लिया।

सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, 19 सितंबर की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन लोग बाइक से पेट्रोल पंप के आसपास घूम रहे हैं। उनके पास हथियार होने की भी जानकारी मिली थी। बताया गया था कि तीनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पेट्रोल पंप के पास लाल-काले रंग की बाइक पर सवार तीनों लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को दो पिस्टल और गोलियां मिलीं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस और रोहित कुमार सिंह के रूप में की है। इस मामले में जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 281/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिटी एसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों के नाम कमल भूषण हत्याकांड से जुड़े मामले में भी सामने आए थे। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी हथियार लेकर किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद हथियार उन्हें कहां से मिले। इसके अलावा उनके संभावित सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।nपुलिस के अनुसार, आकाश कुमार वर्मा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाने में हत्या, लूट, मारपीट, हत्या की साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ वर्ष 2015, 2019, 2021 और 2023 में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस के खिलाफ भी पुलिस रिकॉर्ड में कई मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या, हथियार रखने और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में 2021, 2023 और 2025 में मामले दर्ज हुए थे। तीसरे आरोपी रोहित कुमार सिंह के खिलाफ कोतवाली और सुखदेवनगर थाने में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ मारपीट, चोरी, अपहरण, हत्या, हत्या की साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि तीनों आरोपी किस घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। साथ ही पुलिस बरामद हथियारों के स्रोत और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *